Tuesday, October 20th, 2026

पीसी चाको अब कांग्रेस छोड़ NCP में शामिल होंगे

नई दिल्ली
केरल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस का साथ छोड़ने वाले सीनियर नेता पीसी चाको (PC Chacko news) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में शामिल होने जा रहे हैं। चाको ने मंगलवार को दिल्ली में एनसीपी चीफ शरद पवार (Sharad Pawar news) से मुलाकात की थी। एनसीपी की ओर से मीडिया को भेजे गए निमंत्रण के मुताबिक, पीसी चाको मंगलवार शाम 6:45 पर शरद पवार के दिल्ली स्थित आवास पर पार्टी की सदस्यता लेंगे।

इससे पहले चाको ने मंगलवार दोपहर को ही पवार से मुलाकात की थी। मुलाकात से पहले पीसी चाको ने कहा, 'मैं शरद पवार से मुलाकात करने जा रहा हूं। पार्टी जिस संकट का सामना कर रही है, उस पर चर्चा जरूरी है। मैं सीताराम येचुरी और गुलाम नबी आजाद से मुलाकात कर भविष्य की अपनी योजना के बारे में भी चर्चा करूंगा। मैं एलडीएफ को अपना समर्थन दूंगा। पवार साहब से मुलाकात के बाद ही मैं एनसीपी में शामिल होने को लेकर फैसला लूंगा।'


सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कहा, यहां किसी को योग्यता की चिंता नहीं
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी चाको ने हाल ही में कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा सौंपते हुए पीसी चाको ने केरल कांग्रेस और पार्टी हाई कमान पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे। इस्तीफा देते हुए पीसी चाको ने कहा था, 'यहां एक ईमानदार कांग्रेस कार्यकर्ता का बने रहना मुश्किल हो रहा था। योग्यता की किसी को कोई चिंता नहीं है।' उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना पतवार की नाव बनकर रह गई है जिसे एक साल से ज्यादा समय से कोई अध्यक्ष नहीं मिला। मैं कई दिनों से अपने फैसले पर विचार कर रहा था।

 

#पीसी चाको

Source : Agency

पाठको की राय